Homeमोहनियाबहन के घर से लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत,...

बहन के घर से लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर

कैमूर में सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अंजू देवी की मौत

Bihar: कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र में बक्सर-भभुआ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। भरखर गांव स्थित काली माता मंदिर के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनियां पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल से ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतका की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के घरी गांव निवासी मनोज चौधरी की करीब 29 वर्षीय पत्नी अंजू देवी के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और घर में मातम छा गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

बहन के गांव से लौटते समय हुआ हादसा

मृतका के पति मनोज चौधरी ने अनुमंडल अस्पताल में बताया कि उनकी पत्नी अंजू देवी मोहनियां थाना क्षेत्र के बहदुरा गांव में अपनी बहन के यहां गई हुई थीं। सोमवार को वह वहां से बाइक से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान भरखर गांव के काली माता मंदिर के समीप पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय स्तर पर तत्काल उन्हें अनुमंडल अस्पताल मोहनियां पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

सिर में लगी थी गंभीर चोट, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक अभय कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल एक महिला को अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया था। महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर वापस अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर मोहनियां पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया। फिलहाल दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की जानकारी सामने नहीं आई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments