Bihar, कैमूर/रामगढ़: थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुरना गांव की मल्लाह बस्ती में मंगलवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से भटके वन सुअरों के एक झुंड ने रिहायशी इलाके में घुसकर लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुई घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों में से एक व्यक्ति की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब राम एकबाल मल्लाह (65 वर्ष) अपने घर में पुत्री से बातचीत कर रहे थे। तभी दुर्गावती नदी के दक्षिणी छोर की ओर से आए एक वन सुअर ने अचानक घर में प्रवेश कर उन पर हमला कर दिया। सुअर के हमले में राम एकबाल गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-गुल सुनकर जब आसपास के लोग मदद के लिए आगे आए, तो वन सुअर ने बगल के घर में रह रहे अर्जुन मल्लाह (35 वर्ष) और गुलजारी देवी (34 वर्ष) पर भी हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। बताया जा रहा है कि इस हमले में एक अन्य महिला भी घायल हुई है।
हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सुअर लगातार एक के बाद एक लोगों को निशाना बना रहा था, जिससे पूरे मोहल्ले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह शोर मचाकर और लाठी-डंडों की मदद से सुअरों को खदेड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को रामगढ़ रेफरल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राम एकबाल मल्लाह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दो दिन पूर्व मल्लाह समुदाय द्वारा कुछ वन सुअरों का शिकार किया गया था, जिसके कारण वन सुअरों का झुंड आक्रोशित हो गया और बदले की भावना से गांव में हमला किया गया। हालांकि इस संबंध में वन विभाग की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।