Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पहाड़ी के पास घेरकर किया हमला
घायल के पुत्र टुनटुन कुमार (पिता: चंदेश्वर राजभर), निवासी रामगढ़, ने चैनपुर थाने में दिए आवेदन में बताया कि 21 फरवरी की शाम करीब 6 बजे उनके पिता गांव से सटे रामगढ़ पहाड़ी की ओर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान पूर्व विवाद को लेकर गांव के इंदल राजभर, जसवंत राजभर, सुरेंद्र राजभर और कोमल राजभर ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में वृद्ध गंभीर रूप से घायल होकर अचेत अवस्था में गिर पड़े। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
खोजबीन के बाद अस्पताल पहुंचाया
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन खोजबीन करते हुए पहाड़ी की ओर पहुंचे, जहां चंदेश्वर राजभर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। तत्काल उन्हें चैनपुर थाना लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के लिए चैनपुर सीएचसी भेजा गया। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया, लेकिन वहां भी हालत चिंताजनक देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। फिलहाल ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज जारी है और स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्राथमिकी दर्ज, कार्रवाई जारी
मामले की पुष्टि करते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि घायल वृद्ध के पुत्र के आवेदन पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।