Home चैनपुर कोर्ट में पेशी के कुछ घंटे बाद बाल सुधार गृह में किशोर...

कोर्ट में पेशी के कुछ घंटे बाद बाल सुधार गृह में किशोर की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कोर्ट में पेशी के कुछ घंटे बाद बाल सुधार गृह में किशोर की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर स्थित बाल सुधार गृह में एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। गुरुवार को भभुआ सिविल कोर्ट में पेशी के बाद बाल सुधार गृह लौटे किशोर की कुछ ही देर बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने बाल सुधार गृह में उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक की पहचान भभुआ शहर के चकबंदी रोड निवासी रूस्तम राइन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, एक मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद उसे 20 अगस्त 2026 को बाल सुधार गृह भेजा गया था। गुरुवार को कानूनी प्रक्रिया के तहत उसकी भभुआ सिविल कोर्ट में पेशी कराई गई। पेशी के बाद उसे दोबारा बाल सुधार गृह लाया गया। परिजनों का कहना है कि कोर्ट में पेशी के दौरान उन्होंने रूस्तम से मुलाकात की थी और उस समय उसकी स्थिति सामान्य नजर आ रही थी। उनका आरोप है कि कोर्ट से बाल सुधार गृह लौटने के एक-दो घंटे के भीतर ही उसकी तबीयत बिगड़ने और मौत की सूचना मिली। मृतक के पिता निजामुद्दीन और भाई सिकंदर अली ने आशंका जताई है कि बाल सुधार गृह में रहने के दौरान उसके साथ कोई अनहोनी हुई हो सकती है। उन्होंने मामले की गहराई से जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

खाना खाने के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
बाल सुधार गृह के प्रभारी अजय कुमार के अनुसार, कोर्ट में पेशी के बाद रूस्तम को वापस बाल सुधार गृह लाया गया था। इसके बाद जब सभी बच्चे खाना खा रहे थे, उसी दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
सदर अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. श्यामा कांत ने बताया कि बाल सुधार गृह से एक किशोर को अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद भभुआ एसडीएम अमित कुमार भी सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि बाल सुधार गृह में किशोर की मौत का मामला सामने आया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन चिकित्सकों की सदस्यीय मेडिकल टीम गठित की गई है। प्रशासन के अनुसार, मेडिकल टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल किशोर की मौत को लेकर दो अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। बाल सुधार गृह प्रबंधन के मुताबिक खाना खाने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल भेजा गया, जबकि परिजन उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तीन सदस्यीय मेडिकल टीम की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोर की मौत की वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

 

 

Exit mobile version