Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सावठ गांव निवासी आबिद अली (55 वर्ष) का अपने ही परिवार के सदस्य अकबर अली के साथ काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार की शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान आबिद अली को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गावती ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, भभुआ रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।



