
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बताया जाता है कि शनिवार को सुमन सिंह छलका पुल के रास्ते रोहतास जिले के तेलारी की ओर जा रहे थे। उस समय दुर्गावती नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। पुल पार करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नदी के तेज बहाव में जा गिरे। हादसा होते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में उतरकर काफी खोजबीन की और काफी मशक्कत के बाद सुमन सिंह को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर करमचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद शव का पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि दुर्गावती नदी में छलका पुल पार करने के दौरान डूबने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद शिवपुर गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में तेज पानी का बहाव होने के बावजूद लोग आवागमन के लिए छलका पुल का इस्तेमाल करते हैं, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती है।



