Homeचैनपुरछठ घाटों की सुरक्षा और व्यवस्था का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, गहरे...

छठ घाटों की सुरक्षा और व्यवस्था का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, गहरे पानी में बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और रोशनी की व्यवस्था का निर्देश

कैमूर में छठ घाटों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, हाटा के 6 तालाबों पर तैयारी पूरी

Bihar: कैमूर जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी कुमार अनुराग एवं पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने चैनपुर, हाटा सहित क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों के साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की भी समुचित साफ-सफाई कराई जाए। घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जिन तालाबों में पानी अधिक गहरा है अथवा घाट खतरनाक हैं, उन्हें चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराने और चेतावनी सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही छठ व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम बनाने को कहा गया। चैनपुर के विभिन्न छठ घाटों पर गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग एवं निशान लगाने की विशेष हिदायत दी गई। गहरे तालाबों में गोताखोरों की तैनाती, नाव की व्यवस्था तथा कंट्रोल रूम स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

वहीं, पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने कहा कि छठ पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की तैनाती की जाएगी। घाटों के आसपास पुलिसकर्मी लगातार निगरानी रखेंगे। जिन घाटों के समीप मुख्य सड़कें हैं, वहां भी पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। जिलाधिकारी ने आम लोगों से छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सावधानी के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया कि घाटों पर बच्चों को अपने साथ रखें और उन पर लगातार नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कई बार बच्चे परिजनों की नजर बचाकर तालाब में नहाने चले जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसलिए सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से पर्व मनाएं।

हाटा नगर पंचायत के छह तालाबों पर तैयारी पूरी

इधर, नगर पंचायत हाटा में भी छठ पूजा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिलाधिकारी के निरीक्षण एवं उनके द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने घाटों पर व्यवस्थाओं को पूरा कर लिया है। नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी प्रतीक्षा प्रजापति एवं अध्यक्ष रमेश जायसवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में कुल छह तालाब हैं। सभी तालाबों पर साफ-सफाई, लाइटिंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि छठ व्रती महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर कपड़े बदलने के लिए अस्थायी टेंटनुमा चेंजिंग रूम भी तैयार करवाए गए हैं। जिलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया और तैयारियों पर संतुष्टि जताई। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से शेष व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम भी तेजी से किया जा रहा है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments