Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमराज गांव निवासी राहुल कुमार द्वारा लगातार अपनी जमीन बेची जा रही थी। बताया जाता है कि बीते शनिवार को उसने सात कट्ठा जमीन की बिक्री की थी। इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को मिलने के बाद घर में विवाद शुरू हो गया। राहुल की पत्नी सीमा देवी जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित नकल भी निकलवाकर लाई थी। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव और बढ़ गया। बताया जाता है कि विवाद के दौरान राहुल कुमार नाराज होकर घर छोड़कर चला गया। उसके घर से चले जाने के बाद परिवार के सदस्य काफी आहत और परेशान थे। इसी बीच परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर एक साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने निर्मला देवी, सीमा देवी और 12 वर्षीय मुन्ना कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं 15 वर्षीय ऋषिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया।
मां, बहू और मासूम बेटे की मौत से गांव में मातम
इस घटना में जान गंवाने वालों की पहचान निर्मला देवी (55 वर्ष), राहुल कुमार की मां, सीमा देवी (35 वर्ष), राहुल की पत्नी और मुन्ना कुमार (12 वर्ष), राहुल के पुत्र के रूप में हुई है। वहीं 15 वर्षीय ऋषिका गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर गोरौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जमीन की बिक्री को लेकर शुरू हुआ विवाद इस हद तक पहुंच जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से प्रेमराज गांव में गहरा शोक व्याप्त है।



