Homeरामपुरकैमूर के लेवाबांध गांव में 55 वर्षीय व्यक्ति के साथ मारपीट, मछली...

कैमूर के लेवाबांध गांव में 55 वर्षीय व्यक्ति के साथ मारपीट, मछली पकड़ रहे मल्लाहों ने जाल की मदद से निकाला बाहर, इलाज जारी

कैमूर में मारपीट के बाद व्यक्ति को नहर में फेंकने का आरोप

Bihar: कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत करमचट थाना क्षेत्र के लेवाबांध गांव में आपसी विवाद को लेकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने और फिर उसे नहर में फेंक देने का मामला सामने आया है। घटना में 55 वर्षीय बबुआ राम गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगलवार की रात से लापता बबुआ राम की परिजन और पुलिस तलाश करते रहे, लेकिन रातभर उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार की सुबह नहर से निकले बाहा के पास एक झोपड़ी के पीछे वह घायल अवस्था में मिले। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

झोपड़ी में सोने जा रहे थे, तभी हुआ हमला

घायल बबुआ राम लेवाबांध गांव निवासी शिवमूरत राम के पुत्र हैं। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान घायल और उनके परिजनों ने बताया कि मंगलवार की रात खाना खाने के बाद बबुआ राम घर के बाहर स्थित झोपड़ी में सोने जा रहे थे। इसी दौरान पूर्व के विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के करीब 10 लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें नहर में फेंक दिया गया। घटना के बाद बबुआ राम घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश शुरू कर दी गई।

रातभर तलाश, सुबह नहर के पास मिले

बबुआ राम के लापता होने की सूचना पुलिस को भी दी गई। इसके बाद परिजनों और पुलिस ने रातभर उनकी खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। बुधवार की सुबह नहर से निकले बाहा के पास एक झोपड़ी के पीछे वह घायल अवस्था में पड़े मिले। इसी दौरान वहां मछली पकड़ रहे मल्लाहों की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने जाल की मदद से घायल व्यक्ति को बाहर निकाला और तत्काल इसकी सूचना परिजनों तथा पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को रामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

 लिखित आवेदन का इंतजार कर रही पुलिस

मामले में करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रातभर घायल व्यक्ति की तलाश की थी। फिलहाल उनका इलाज भभुआ सदर अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष के अनुसार, परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपने स्तर से भी मामले की जांच कर रही है।

 

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments