Homeकैमूरमरीजों की जिंदगी बचाने वाली एंबुलेंस बनी शराब तस्करी का ठिकाना, गुप्त...

मरीजों की जिंदगी बचाने वाली एंबुलेंस बनी शराब तस्करी का ठिकाना, गुप्त तहखाने से 153.750 लीटर शराब बरामद

कैमूर में एंबुलेंस से 153.750 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Bihar: कैमूर, बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर कानून को चकमा देने के लिए लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। अब तस्करों ने शराब की खेप पहुंचाने के लिए मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस को ही अपना जरिया बना लिया। एंबुलेंस के भीतर ऊपर और नीचे विशेष गुप्त तहखाने तैयार कर विदेशी शराब छिपाई गई थी। हालांकि कैमूर जिले में उत्पाद विभाग की सतर्कता ने तस्करों की इस चालाकी का पर्दाफाश कर दिया। मोहनिया स्थित एनएच-19 उत्पाद चेकपोस्ट पर जांच के दौरान एंबुलेंस से 153.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मामले में एंबुलेंस चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

जानकारी के अनुसार, कैमूर एसपी शिखर चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली से एक एंबुलेंस के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद एसपी ने उत्पाद विभाग की टीम को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद मोहनिया एनएच-19 स्थित उत्पाद चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक संदिग्ध एंबुलेंस को जांच के लिए रोका गया। बाहर से देखने पर वाहन सामान्य एंबुलेंस की तरह दिखाई दे रहा था, लेकिन जब उत्पाद विभाग की टीम ने उसकी बारीकी से तलाशी ली तो अंदर छिपाकर रखी गई शराब की खेप सामने आ गई। तस्करों ने एंबुलेंस के ऊपरी और निचले हिस्से में विशेष गुप्त तहखाने बना रखे थे। इन्हीं तहखानों में अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।तलाशी के दौरान एंबुलेंस से कुल 153.750 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद टीम ने वाहन में सवार दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के अशोक कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है। अशोक कुमार एंबुलेंस का चालक बताया जा रहा है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से शराब की खेप लेकर मुजफ्फरपुर जा रहे थे। जांच एजेंसियों को संदेह से बचाने के लिए उन्होंने एंबुलेंस का इस्तेमाल किया था। उन्हें उम्मीद थी कि मरीजों को ढोने वाले वाहन की आड़ में शराब की खेप आसानी से बिहार पहुंच जाएगी, लेकिन उत्पाद विभाग की जांच में उनकी योजना नाकाम हो गई। मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर प्रभाकर चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान एंबुलेंस से 153.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई ने शराब तस्करी के बदलते तरीकों को एक बार फिर उजागर कर दिया है। जिस एंबुलेंस का इस्तेमाल आपात स्थिति में मरीजों की जान बचाने के लिए किया जाता है, उसी का उपयोग तस्करों ने शराब की खेप पहुंचाने के लिए किया। हालांकि उत्पाद विभाग की सक्रियता से तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई और शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments