Home चैनपुर चैनपुर प्रखंड के तीन पैक्स चुनाव में नामांकन समाप्त, अंतिम दिन उमड़ी...

चैनपुर प्रखंड के तीन पैक्स चुनाव में नामांकन समाप्त, अंतिम दिन उमड़ी भारी भीड़, समर्थकों के नारों से गूंजा ब्लॉक परिसर

कैमूर पैक्स चुनाव 2026: चैनपुर, जगरिया और बढ़ौना में नामांकन समाप्त, अंतिम दिन उमड़ी भारी भीड़

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड के चैनपुर, जगरिया और बढ़ौना पैक्स में 20 अप्रैल को होने वाले अध्यक्ष एवं सदस्य पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को समाप्त हो गई। अंतिम दिन नामांकन कार्यालयों में जबरदस्त भीड़ रही और प्रत्याशियों के समर्थकों से पूरा प्रखंड परिसर दिनभर गुलजार रहा। जगह-जगह नारेबाजी, फूल-मालाओं और जुलूसों के बीच चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News
जगरिया पैक्स: अध्यक्ष पद पर तीन उम्मीदवार मैदान में
जगरिया पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए कुल 3 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें चंद्रशेखर सिंह, संजय कुमार पांडेय और सुरेंद्र साह शामिल हैं। सदस्य पद के लिए 24 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है।
संजय कुमार पांडेय के नामांकन के दौरान भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ी। उल्लेखनीय है कि वे पिछले 25 वर्षों से जगरिया पैक्स के अध्यक्ष पद पर काबिज रहे हैं।

चैनपुर पैक्स: चार प्रत्याशियों ने ठोकी दावेदारी
चैनपुर पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए 4 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है, जिनमें मिथिलेश कुमार सिंह, अखिलेश सिंह, चंद्रमा सिंह और सुनील कुमार हलुवाई शामिल हैं। सदस्य पद के लिए कुल 20 नामांकन दाखिल हुए।
अंतिम दिन चंद्रमा सिंह के नामांकन के दौरान समर्थकों की भारी भीड़ देखी गई। समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर जीत का भरोसा जताया।

बढ़ौना पैक्स: प्रेम प्रकाश सिंह के समर्थन में सबसे ज्यादा भीड़
बढ़ौना पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए 4 उम्मीदवार मैदान में हैं — मेवा लाल प्रसाद, सुरेंद्र कुमार सिंह, राम प्रसाद साह और प्रेम प्रकाश सिंह। सदस्य पद के लिए यहां 18 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
प्रेम प्रकाश सिंह, जो पिछले पांच वर्षों से पैक्स अध्यक्ष हैं, उनके नामांकन के दौरान सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए उनका जोरदार स्वागत किया।

कुल 73 नामांकन, 20 अप्रैल को मतदान
प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ शुभम प्रकाश ने बताया कि तीनों पैक्सों में अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 और सदस्य पद के लिए 62 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। 10 और 11 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी, 13 अप्रैल को नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन किया जाएगा। 20 अप्रैल को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चैनपुर प्रखंड में पैक्स चुनाव को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है।

Exit mobile version