Home चैनपुर घर में सो रहे थे मां और बहू, आधी रात को घुसे...

घर में सो रहे थे मां और बहू, आधी रात को घुसे चोर; गहने और नकदी गायब

कैमूर के नंदगांव में आधी रात चोरी, सोने के गहने और 5 हजार रुपये गायब

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के नंदगांव में आधी रात को घर में घुसकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घर की महिलाओं की नींद खुलने पर कथित रूप से चोरी कर रहे लोगों की गतिविधियों का पता चला। हालांकि, उनके भागने के बाद जब घर की जांच की गई तो सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले। घटना पांच नवंबर की रात की बताई जा रही है। मामले में नंदगांव निवासी विजय बहादुर राम के पुत्र राजेश कुमार ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर पांच लोगों के खिलाफ चोरी का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, घटना के समय वह पटना में थे। रात करीब एक बजे उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली कि उनके घर में कुछ लोग घुसकर चोरी कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी ली।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

राजेश कुमार की मां इंद्रावती देवी और पत्नी कुमारी अंकित राज ने बताया कि दोनों एक कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान बगल के कमरे से कुछ आवाज सुनाई दी, जिससे उनकी नींद खुल गई। आंगन में पहुंचकर जब उन्होंने बल्ब जलाया तो सीढ़ी के पास त्रिभुवन राम और विकास कुमार खड़े दिखाई दिए। वहीं, नीतीश कुमार, दीनबंधु राम और प्रेमचंद कुमार वहां से भागने का प्रयास कर रहे थे। आवेदन में बताया गया है कि आरोपितों के भागने के बाद ग्रामीणों को बुलाकर कमरे की तलाशी ली गई। इस दौरान गोदरेज का ताला खुला मिला। जांच करने पर चार ग्राम सोने के झुमके, सोने की नाक की नथिया और पलंग के तकिये के नीचे रखे पांच हजार रुपये गायब मिले। पीड़ित ने दीनबंधु राम पर अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद स्थानीय स्तर पर सरपंच के माध्यम से पंचायत कर मामले को सुलझाने की कोशिश की गई थी। लेकिन पंचायत में कोई समाधान नहीं निकलने के कारण उन्हें थाने में आवेदन देना पड़ा। इसी वजह से शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई।

प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Exit mobile version