Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कायस्थ समाज के लोगों ने भगवान चित्रगुप्त महाराज की प्रतिमा एवं तस्वीर के समक्ष विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान कलम, दवात और पुस्तकों को विशेष रूप से पूजन में शामिल किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य देव से परिवार की सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान चित्रगुप्त महाराज को यमराज के दरबार में जीवों के अच्छे-बुरे कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला देवता माना जाता है। उन्हें लेखनी, ज्ञान और न्याय का प्रतीक भी माना जाता है। कायस्थ समाज उन्हें अपना कुलदेवता एवं आराध्य देव मानता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान ब्रह्मा की काया से भगवान चित्रगुप्त की उत्पत्ति हुई थी। सृष्टि में जीवों के कर्मों का हिसाब रखने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी। मान्यता है कि उनके हाथों में कलम, दवात और पुस्तक थी, जो उनके दायित्व और कार्य का प्रतीक मानी जाती है। इसी परंपरा के तहत कायस्थ समाज में कार्तिक शुक्ल द्वितीया को चित्रगुप्त पूजा का विशेष महत्व है।
भैया दूज पर बहनों ने भाइयों के लिए मांगी खुशहाली
चित्रगुप्त पूजा के साथ ही भैया दूज का पर्व भी घर-घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। बहनों ने पूजा की थाली सजाकर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य तथा सुखमय जीवन की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपना स्नेह प्रकट किया। पौराणिक कथा के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका स्वागत-सत्कार कर उन्हें भोजन कराया और माथे पर तिलक लगाया। बहन के प्रेम से प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर तिलक लगवाएगा, उसे दीर्घायु और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होगा, इसी धार्मिक मान्यता के आधार पर भैया दूज मनाने की परंपरा प्रचलित हुई।