Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घायलों की पहचान मंझुई गांव निवासी समाधु सिंह यादव, पिता स्वर्गीय शिव मूरत सिंह और उनकी पत्नी सरस्वती देवी के रूप में हुई है। घटना के संबंध में समाधु सिंह यादव ने अपने आवेदन में बताया है कि 29 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे वह अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान गांव के मनजीत शर्मा, गोपी चौधरी, विपुल शर्मा, सुशील शर्मा और पंकज पांडे उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए दरवाजा पीटने लगे। आरोप है कि दरवाजा खोलते ही सभी लोग जबरन घर में प्रवेश कर गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर जब उनकी पत्नी सरस्वती देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान पत्नी के गले से सोने की चेन भी छीन ली गई।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार कराने के बाद पीड़ित ने चैनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया। मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि मारपीट में घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। उपचार के बाद उनके द्वारा थाने में आवेदन दिया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।