Home चैनपुर दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं हुई तो विवाहिता को रास्ते...

दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं हुई तो विवाहिता को रास्ते में छोड़कर भागे पति और ससुराल वाले, मारपीट का भी आरोप

कैमूर में दहेज में बाइक नहीं मिलने पर विवाहिता से मारपीट, रास्ते में छोड़ा

Bihar: कैमूर, दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और बीच रास्ते में छोड़ देने का मामला कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। आरोप है कि विदाई कराकर ले जा रहे पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पहले विवाहिता के साथ मारपीट की और फिर उसे रास्ते में अकेला छोड़कर चले गए। घटना के बाद पीड़िता ने किसी राहगीर से मोबाइल लेकर अपने मायके वालों को सूचना दी। इस मामले में विवाहिता ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मामले में खुर्दे गांव निवासी जुलफेकार शाह की पुत्री रेशमा खातून ने अपने पति चांद बाबू, सास हाजरा बीवी, ससुर सोबेराती शाह और देवर आस बाबू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज से उसकी शादी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत डबक गांव निवासी चांद बाबू के साथ हुई थी। शादी के दौरान मायके पक्ष की ओर से दो लाख रुपये नकद सहित अन्य सामान दहेज में दिए गए थे। रेशमा का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग मोटरसाइकिल की मांग करने लगे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ अक्सर मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता था। करीब एक महीने पहले वह अपने मायके खुर्दे आ गई थी।

विदाई के बाद रास्ते में शुरू हुआ विवाद

पीड़िता ने आवेदन में बताया है कि 8 नवंबर 2026 की शाम करीब चार बजे उसका पति चांद बाबू, देवर आस बाबू, सास हाजरा बीवी और ससुर सोबेराती शाह उसे विदा कराने के लिए खुर्दे गांव पहुंचे थे। विदाई के बाद जब सभी लोग गांव से कुछ दूर पहुंचे तो पति ने उससे सवाल किया कि उसने अपने पिता से मोटरसाइकिल की मांग क्यों नहीं की। इस पर रेशमा ने बताया कि उसके पिता मोटरसाइकिल देने में आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं। आरोप है कि इसी बात को लेकर पति, देवर और सास-ससुर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद गाड़ी रुकवाकर उसे बीच रास्ते में ही छोड़ दिया और सभी लोग वहां से चले गए।

राहगीर से मोबाइल लेकर मायके वालों को दी सूचना

घटना के बाद असहाय स्थिति में सड़क पर खड़ी विवाहिता ने वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति से मोबाइल फोन मांगकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर उसकी मां मौके पर पहुंचीं और उसे अपने साथ घर ले गईं। इसके बाद पीड़िता परिजनों के साथ चैनपुर थाने पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि विवाहिता के साथ मारपीट और दहेज उत्पीड़न को लेकर प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

Exit mobile version