Home भगवानपुर कैमूर में रिश्वतखोर अमीन पर कार्रवाई, किसानों की शिकायत के बाद सर्वे...

कैमूर में रिश्वतखोर अमीन पर कार्रवाई, किसानों की शिकायत के बाद सर्वे कार्य से हटाया गया

कैमूर में रिश्वत मांगने वाला अमीन सर्वे कार्य से हटाया गया, किसानों की शिकायत पर कार्रवाई

Bihar: कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत चुआ पंचायत में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य में तैनात एक अमीन पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। किसानों की सामूहिक शिकायत के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अमीन को फिलहाल सर्वे कार्य से मुक्त कर दिया है। जानकारी के अनुसार, चुआ मौजा के करीब दो दर्जन रैयत मंगलवार को विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्यालय पहुंचे और अमीन शनिश कुमार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। किसानों का आरोप है कि अमीन द्वारा जमीन संबंधी कागजात दुरुस्त करने, सरकारी एवं वन विभाग की भूमि को रैयतों के नाम दर्ज करने तथा रैयती जमीन में फेरबदल करने के नाम पर ₹5 हजार से लेकर ₹3.5 लाख तक की रिश्वत मांगी जा रही थी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

किसानों ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी चंदन कुमार चौहान एवं मधु मिलन वर्मा को रिश्वत मांगने से संबंधित ऑडियो भी सुनाया। इसके बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत स्वीकार की और तत्काल कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि किसानों ने सोमवार को ही कार्यालय पहुंचकर मौखिक रूप से शिकायत की थी, लेकिन अधिकारियों द्वारा उन्हें अगले दिन लिखित आवेदन देने को कहा गया। मंगलवार को सभी किसान एकजुट होकर कार्यालय पहुंचे और हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपा। शिकायत मिलने के बाद सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि आरोपी अमीन अब भगवानपुर प्रखंड के किसी भी मौजा में सर्वे कार्य नहीं करेंगे। साथ ही मामले की सूचना पटना बंदोबस्त कार्यालय को भेजी जाएगी, जहां से अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

स्थानीय किसानों का कहना है कि विशेष भूमि सर्वेक्षण के दौरान कई जगहों पर किसानों का आर्थिक शोषण किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि, चुआ मौजा के किसानों ने एकजुट होकर आवाज उठाई, जिसके बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। किसानों ने कहा कि यदि वे विरोध नहीं करते तो उन्हें लाखों रुपये रिश्वत के रूप में देने पड़ते। शिकायत करने वालों में सुरेंद्र कुमार, सीताराम बिंद, राजमणि, संतोष कुमार यादव, राजेश्वर पासी, पप्पू यादव, रामप्यारे बिंद, चुन्नू चेरो, सनोज चेरो, सुदामा चेरो, रमाशंकर पाल, रमेश मलाह, राकेश कुमार, रमेश यादव, प्रेमचंद वर्मा, राजमणि देवी सहित करीब दो दर्जन किसान शामिल हैं।

Exit mobile version