Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

परिजनों के अनुसार, परिवार भभुआ प्रखंड के झिंगई डिहरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रविवार को शादी संपन्न होने के बाद सोमवार को सभी लोग बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में सारंगपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक से साइड लेने के दौरान बाइक के हैंडल में टक्कर लग गई। टक्कर लगते ही फूल कुमारी देवी असंतुलित होकर ट्रक के नीचे गिर गईं, जबकि उनके पति और दोनों बच्चे दूसरी ओर गिर पड़े। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पति और बच्चों के सामने हुई इस दर्दनाक घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया।
घटना के बाद पति आनन-फानन में पत्नी को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे दो छोटे बेटों—7 वर्षीय रविरंजन कुमार और 3 वर्षीय रामप्रवेश कुमार—को छोड़ गई हैं। हादसे के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।