Home भभुआ भभुआ में 14 सितंबर को लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला, 1500 तक...

भभुआ में 14 सितंबर को लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला, 1500 तक निजी नौकरियों के अवसर

भभुआ में 14 सितंबर को रोजगार मेला, 1500 तक नौकरियों के अवसर

Bihar: कैमूर (भभुआ) जिले के युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय की ओर से 14 सितंबर 2026 को टाउन हाई स्कूल, भभुआ के परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा। मेले का आयोजन निदेशक, नियोजन एवं प्रशिक्षण, बिहार, पटना के निर्देश पर युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में तथा जिला पदाधिकारी, कैमूर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नियोजन को लेकर जिला पदाधिकारी के द्वारा बैठक करते हुए।
नियोजन को लेकर जिला पदाधिकारी के द्वारा बैठक करते हुए।

रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें बिहार समेत अन्य राज्यों की करीब 20 से 25 निजी कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें स्मार्ट बाजार, ब्लिंकिट, इन्स्टाकार्ट, एसआईएस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस जैसी कंपनियां शामिल हैं। मेले में निजी क्षेत्र की करीब 1200 से 1500 रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया होने की जानकारी दी गई है। इन योग्यताओं वाले अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग मेले में नॉन-मैट्रिक, मैट्रिक, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई सहित विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी योग्यता रखने वाले युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं।

साथ लाने होंगे ये दस्तावेज
अभ्यर्थियों को अपना अद्यतन बायोडाटा (रिज्यूमे), पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान पत्र, बैंक खाता विवरण, मोबाइल नंबर तथा शैक्षणिक एवं अनुभव प्रमाणपत्रों की छायाप्रति साथ लाने की सलाह दी गई है।

रोजगार सेतु पोर्टल पर निबंधन जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार सेतु पोर्टल (detjob.bihar.gov.in) पर निबंधन कराना अनिवार्य बताया गया है। हालांकि, जिन अभ्यर्थियों का ऑनलाइन निबंधन नहीं हुआ है, उनके लिए मेला स्थल पर भी निबंधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा उद्योग विभाग, आरसेटी (RSETI), आत्मा, श्रम संसाधन विभाग और डीआरसीसी (DRCC) की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। जिला नियोजनालय ने जिले के सभी इच्छुक युवक-युवतियों से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

 

 

 

Exit mobile version