Home भभुआ सात साल से पत्नी से अलग था युवक, घर में मिला शव;...

सात साल से पत्नी से अलग था युवक, घर में मिला शव; तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

: कैमूर में पत्नी से 7 साल से अलग युवक ने फंदा लगाकर दी जान

Bihar: कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के बरूना गांव में एक युवक की मौत से परिवार में मातम पसर गया। पत्नी से लंबे समय से चल रहे अलगाव के बीच नारायण गुप्ता ने गुरुवार की रात फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान बरूना गांव निवासी गिरधारी शाह के पुत्र नारायण गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

 

सात साल से मायके में रह रही थी पत्नी

परिजनों के अनुसार नारायण गुप्ता की पत्नी सीता देवी करीब सात वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। उसका मायका दुर्गावती थाना क्षेत्र के सरैया गांव में बताया गया है। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद के कारण दोनों अलग रह रहे थे। परिजनों का कहना है कि इस पारिवारिक परिस्थिति को लेकर नारायण काफी समय से परेशान रहता था। नारायण और सीता के तीन पुत्र हैं। बड़ा बेटा प्रीतम साह करीब 13 वर्ष और मंझला बेटा श्रीकांत शाह करीब 10 वर्ष अपने पिता के साथ बरूना में रहते थे, जबकि छोटा बेटा रविकांत अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहा था।

परिवार को साथ लाने की कई बार हुई कोशिश

मृतक के पिता गिरधारी शाह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद समाप्त कराने और दोनों को दोबारा साथ लाने के लिए परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार प्रयास किया था। दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी कराई गई, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। परिजनों के मुताबिक, पत्नी की ओर से भभुआ महिला थाना में आवेदन देकर बच्चों को अपने साथ ले जाने की मांग किए जाने की जानकारी भी परिवार को मिली थी। बच्चों के अलग-अलग रहने को लेकर भी परिवार में तनाव बना हुआ था।

रात में कमरे में गया, सुबह सामने आया मामला

परिवार के लोगों ने बताया कि घटना की रात नारायण अपने कमरे में सोने चला गया था। उसके दोनों बच्चे दादा के पास सो रहे थे। इसी दौरान रात में किसी समय उसने कमरे की छत में लगी कुंडी से फंदा लगा लिया। बाद में घटना की जानकारी परिवार के लोगों को हुई तो घर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मनिहारी टीओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को भभुआ सदर अस्पताल भेजा, जहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस कर रही घटना की जांच

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला फंदा लगाने से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के कारणों और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी

 

Exit mobile version