Home मोहनिया कैमूर में दर्दनाक हादसा: पानी से भरे बाहा में समाया ई-रिक्शा, चालक...

कैमूर में दर्दनाक हादसा: पानी से भरे बाहा में समाया ई-रिक्शा, चालक और 9 माह की मासूम की मौत, तीन यात्री बचे

कैमूर हादसा: बाहा में पलटा ई-रिक्शा, चालक और 9 माह की मासूम की डूबने से मौत

Bihar: कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। भिट्टी गांव के समीप यात्रियों से भरा एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे बाहा (नाले) में पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक और नौ माह की मासूम बच्ची की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्रियों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, सोनहन थाना क्षेत्र के छोटकी मिरियां गांव निवासी 30 वर्षीय पिंकू कुमार कुशवाहा ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार को वह पुसौली से चार यात्रियों को लेकर मोहनियां आ रहे थे। भिट्टी गांव के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ई-रिक्शा पानी से भरे बाहा में जा पलटा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

ग्रामीणों ने बचाई तीन की जान, चालक और मासूम को नहीं बचाया जा सका
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीन यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चालक पिंकू कुमार और अपनी मां के साथ सफर कर रही सादे केवईं गांव निवासी शरफराज अंसारी की नौ माह की पुत्री शना खातून को नहीं बचाया जा सका। दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई।

परिजनों में मचा कोहराम
मृतक चालक के छोटे भाई हंसलाल कुमार ने बताया कि पिंकू ई-रिक्शा चलाकर पूरे परिवार की जिम्मेदारी निभाते थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही मोहनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना में चालक और नौ माह की बच्ची की डूबने से मौत हुई है। परिजनों के आग्रह पर बच्ची का शव बिना पोस्टमार्टम कराए उन्हें सौंप दिया गया, जबकि चालक पिंकू कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

Exit mobile version