Home चैनपुर कैमूर में दर्दनाक सड़क हादसा: डंफर से टकराई बाइक, एक युवक की...

कैमूर में दर्दनाक सड़क हादसा: डंफर से टकराई बाइक, एक युवक की मौत, दो की स्थिति गंभीर

कैमूर सड़क हादसा: डंफर से टकराई बाइक, एक युवक की मौत, दो गंभीर

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना हाटा–महदाईज मार्ग स्थित सतौना पुल के समीप रात करीब 9:30 बजे हुई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय दीपक चौहान (पुत्र गुलाब चौहान) के रूप में की गई है। वहीं घायलों में 25 वर्षीय तुलसी चौहान और 24 वर्षीय कुलदीप चौहान शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर देर रात निकले थे। इसी दौरान खनिया की ओर से लौटते समय सतौना पुल के पास भारतमाला परियोजना में लगे एक डंफर से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां जांच के दौरान दीपक चौहान को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तुलसी चौहान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया है, जबकि कुलदीप चौहान का इलाज भभुआ सदर अस्पताल में चल रहा है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और आक्रोश भी देखने को मिला। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। चैनपुर बीडीओ शुभम प्रकाश और सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि भारतमाला परियोजना में लगे डंफर चालक लापरवाही से वाहन चलाते हैं और सड़क पर कहीं भी गाड़ी खड़ी कर देते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और डंफर को जब्त कर थाना ले जाया है। मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। परिवारिक जानकारी के अनुसार, मृतक दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था और एक बहन भी है। बीते वर्ष ही उसके भाई और बहन की शादी हुई थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक की लहर है। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की बात कही है।

Exit mobile version