Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बघेला में तिरपाल के नीचे छिपाकर रखा था गांजा
चैनपुर थाना क्षेत्र के बघेला गांव में गांजा बिक्री की गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर 78.400 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के पानापुर धर्मपुर गांव निवासी मंटू चौरसिया और चैनपुर थाना क्षेत्र के बघेला गांव निवासी घनश्याम सिंह के रूप में हुई है। भभुआ एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बघेला गांव के बाहर पूरब दिशा में जाने वाले कच्चे रास्ते के समीप गांजा बिक्री के लिए छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने गांव के सिवान में छापेमारी की। इस दौरान एक पेड़ के नीचे दो संदिग्ध व्यक्ति काले रंग के बड़े तिरपाल के साथ बैठे मिले। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक के पास से 46,500 रुपये और दूसरे के पास से 90 रुपये बरामद हुए। वहीं तिरपाल की तलाशी लेने पर उसके अंदर छिपाकर रखा गया 78.400 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा और अन्य सामान को विधिवत जब्त कर लिया।
कुदरा में ओडिशा से गांजा लेकर पहुंचे महिला-पुरुष गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई कुदरा थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने 13.927 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला और एक पुरुष तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतास जिले के अगरेर थाना क्षेत्र के जिगना गांव निवासी विजेंद्र पासवान की पत्नी अनीता देवी और कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के कुदरा गांव निवासी संजय साह के रूप में हुई है। मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने बताया कि गश्ती के दौरान कुदरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि भभुआ-कुदरा मोड़ के पास एक महिला और पुरुष ट्रॉली बैग व झोला में गांजा लेकर जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक कैमूर शिखर चौधरी के निर्देश पर टीम गठित कर कुदरा रेलवे स्टेशन रोड स्थित एनएच-19 के अंडरपास के समीप कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, तो ट्रॉली बैग से 13.927 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों ओडिशा से गांजा लेकर कैमूर पहुंचे थे और इसे कुदरा थाना क्षेत्र के पुसौली और कुदरा में बेचने की तैयारी में थे।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एक ही दिन में हुई दोनों कार्रवाइयों में कुल 92.327 किलोग्राम गांजा बरामद होने के बाद पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और जिले में इसकी आपूर्ति किन स्थानों पर की जानी थी। दोनों मामलों में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



