Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रविवार को चैनपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और चौकीदारों के साथ बैठक कर पुलिस अधीक्षक के निर्देशों की जानकारी दी। बैठक में अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट के निष्पादन तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में शराब तस्करी, अवैध शराब की बिक्री और न्यायालय से वारंट जारी अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही किसी भी प्रकार की आपराधिक सूचना तत्काल थाना को उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना देने में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में सभी अनुसंधान अधिकारियों को लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने, फरार अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा आवश्यक मामलों में न्यायालय से वारंट जारी कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार पूर्व से संचालित रात्रि गश्ती व्यवस्था भी पहले की तरह जारी रहेगी।
नई व्यवस्था के तहत रात में तीन विशेष गश्ती दल बनाए गए हैं। प्रत्येक दल में एक पुलिस पदाधिकारी और कांस्टेबल शामिल रहेंगे, जो पैदल गश्त करते हुए बैंक, एटीएम और संवेदनशील आवासीय इलाकों की निगरानी करेंगे। इनमें दो टीमें हाटा क्षेत्र और एक टीम चैनपुर क्षेत्र में तैनात रहेगी। इसके अलावा दिन के समय दो विशेष टीमें सादी वर्दी में बाजार, बैंक और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सक्रिय रहेंगी। इनका मुख्य उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना, बाइक चोरी, छिनतई और अन्य वारदातों को रोकना तथा अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई है। लगातार निगरानी, तेज कार्रवाई और सक्रिय पुलिसिंग के जरिए अपराधियों पर सख्त शिकंजा कसने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।



