Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनहन थाना क्षेत्र के पंचगांवा गांव निवासी निर्मल बिंद की पुत्री तेतरा देवी 3 जुलाई को भभुआ बाजार खरीदारी करने और बैंक खाते की जानकारी लेने पहुंची थीं। बाजार आने के बाद उनका अचानक संपर्क टूट गया और वे रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर भभुआ थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। भभुआ थाना, मोहनिया थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम ने मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर लगातार सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान मोहनिया थाना क्षेत्र में एमपी कॉलेज के पीछे स्थित एक बंद मकान में छापेमारी की गई, जहां महिला अचेत अवस्था में मिली। पुलिस और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया पहुंचाया गया।
अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आनंद ने बताया कि महिला को बेहोशी की हालत में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है। भभुआ थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि महिला की गुमशुदगी का मामला दर्ज होने के बाद वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर उसे मोहनिया थाना क्षेत्र के एक बंद मकान से बरामद किया गया है। महिला अभी अचेत अवस्था में है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह वहां कैसे पहुंची और पूरे घटनाक्रम के पीछे की सच्चाई क्या है। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



