Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पीड़िता शिवकुमारी देवी, पत्नी लव जायसवाल, निवासी नगर पंचायत हाटा ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि जमील अंसारी नामक युवक ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए अपनी वैगनआर कार बेचने की बात कही। दोनों पक्षों के बीच ₹1 लाख 30 हजार में सौदा तय हुआ, जिसके बाद उन्होंने पूरी राशि आरोपी को दे दी। आवेदन के अनुसार, रुपये लेने के बाद आरोपी ने कहा कि अगले दिन कोर्ट में स्टांप पेपर पर वाहन बिक्री से संबंधित दस्तावेज तैयार कर दिए जाएंगे। लेकिन उसी रात करीब 11:50 बजे वह दूसरी चाबी की मदद से घर के बाहर खड़ी कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL-4X-AV-6807) स्टार्ट कर लेकर चला गया। पीड़िता का दावा है कि इस पूरी घटना की रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है।
महिला का आरोप है कि जब उन्होंने फोन कर वाहन ले जाने का कारण पूछा तो आरोपी ने कहा कि कार ठीक नहीं है और उसका पहले दुर्घटना में इस्तेमाल हो चुका है, इसलिए वह गाड़ी नहीं बेचेगा तथा जल्द ही पूरी रकम वापस कर देगा। हालांकि, इसके बाद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और अब तक रुपये वापस नहीं किए। आरोप है कि फिलहाल वह फरार है। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।