Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बताया जाता है कि गर्भवती छाया राय अपने स्वास्थ्य संबंधी जांच और इलाज के लिए देवर मनीष कुमार के साथ बाइक से बक्सर जा रही थीं। इसी दौरान चौसा-मोहनियां मार्ग पर बरैथा गांव के समीप उनकी बाइक एक टेंपो से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में छाया राय को गंभीर चोटें लगीं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों को तत्काल निजी वाहन से रामगढ़ रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद छाया राय को मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर मनीष कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन अस्पताल पहुंच गए। गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत की खबर सुनकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में भी शोक का माहौल देखने को मिला। सूचना पर रामगढ़ थानाध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद मामले की सूचना मोहनियां थाना पुलिस को दी गई। मोहनियां पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टेंपो और बाइक की टक्कर से यह हादसा हुआ, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इलाज की उम्मीद लेकर घर से निकली एक गर्भवती महिला का इस तरह असमय मौत का शिकार हो जाना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।