Home औरंगाबाद रील बनाने नदी में उतरे तीन युवक, तेज बहाव में बह गए...

रील बनाने नदी में उतरे तीन युवक, तेज बहाव में बह गए दो; एक को ग्रामीणों ने बचाया

औरंगाबाद में रील बनाने नदी में उतरे 3 युवक डूबे, 2 लापता

औरंगाबाद के झारखंड बार्डर पर नदी किनारे लगी ग्रामीणों की भीड़

Bihar: औरंगाबाद जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को सोशल मीडिया के लिए रील बनाना तीन युवकों के लिए भारी पड़ गया। डेमा टोला स्थित बेलघाटी पुल के समीप बटाने नदी में वीडियो बनाने के दौरान तीनों युवक अचानक गहरे पानी और तेज धार की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक को स्थानीय ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि उसके दो साथी नदी की तेज धारा में बह गए। दोनों युवकों की तलाश देर शाम तक जारी रही। नदी में डूबने वालों की पहचान रितिक और टेनी के रूप में बताई गई है। वहीं नदी से बाहर निकाले गए राजेंद्र साव (40) औरंगाबाद शहर के टीकरी रोड स्थित मिनी बिगहा के रहने वाले बताए गए हैं। पानी से निकाले जाने के बाद राजेंद्र साव बेहोशी की हालत में थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पिकनिक के दौरान नदी में बना रहे थे वीडियो
बताया जाता है कि तीनों युवक बेलघाटी पुल के पास पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान वे बटाने नदी में उतरकर मोबाइल से वीडियो और रील बनाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में पानी का बहाव काफी तेज था। स्थानीय ग्रामीणों ने युवकों को गहरे पानी में जाने से मना भी किया था, लेकिन वे नदी से बाहर नहीं निकले। कुछ ही देर बाद तीनों युवक तेज धार की चपेट में आ गए और पानी में बहने लगे। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव का प्रयास शुरू किया और राजेंद्र साव को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया। हालांकि रितिक और टेनी तेज बहाव के साथ काफी दूर तक बह गए।

तेज धार और गहराई के कारण तलाश में मुश्किल
हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने नदी में उतरकर दोनों लापता युवकों की तलाश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण खोज अभियान में काफी परेशानी आई। सूचना मिलने पर एसआइ अजय कुमार सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय ग्रामीणों ने लापता दोनों युवकों की तलाश जारी रखी। समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। घटना के बाद बेलघाटी पुल के आसपास अफरातफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने नदी में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।

 

Exit mobile version