बिजली चोरी पर विभाग का शिकंजा, चार घरों में पकड़ी गई गड़बड़ी; 3.07 लाख का जुर्माना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए कनीय विद्युत अभियंता शंभू कुमार सिंह ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि डीह भुजैना गांव में कुछ उपभोक्ताओं द्वारा बिजली कनेक्शन का दुरुपयोग करते हुए राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए छापेमारी दल गठित किया गया और गांव में विद्युत कनेक्शनों की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान राजीव कुमार तिवारी की पत्नी आरती देवी के घरेलू परिसर में मीटर को बाईपास कर बिजली का उपयोग किए जाने का मामला पकड़ा गया। विभाग ने इस मामले में 65 हजार 289 रुपये का जुर्माना लगाया। इसी तरह राम आशीष यादव के परिसर में भी मीटर बाईपास कर बिजली चोरी की पुष्टि हुई, जिस पर 67 हजार 4 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया।
वहीं, बुल्लू यादव के परिसर में बिजली चोरी पकड़े जाने पर विभाग ने 1 लाख 4 हजार 450 रुपये का जुर्माना लगाया। जबकि विनोद तिवारी के यहां जांच के दौरान अनियमित तरीके से बिजली का उपयोग किए जाने पर 70 हजार 835 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया। कनीय विद्युत अभियंता शंभू कुमार सिंह ने बताया कि चारों मामलों में चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बिजली चोरी के विरुद्ध विभाग का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे वैध कनेक्शन और मीटर के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें, अन्यथा पकड़े जाने पर जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।