Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इस मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि भभुआ अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत उदारामपुर के भैसहट गांव में राशन डीलर गीता देवी की जन वितरण प्रणाली दुकान की जांच की गई थी। जांच के दौरान विभागीय रिकॉर्ड और गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न का मिलान किया गया। रिकॉर्ड के अनुसार दुकान में 42.27 क्विंटल गेहूं और 86.39 क्विंटल चावल उपलब्ध रहना चाहिए था। लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान गोदाम में मात्र 15 क्विंटल गेहूं और 10 क्विंटल चावल ही पाया गया। इस तरह स्टॉक में गेहूं की 32.27 क्विंटल और चावल की 70.89 क्विंटल कमी सामने आई। कुल मिलाकर 103 क्विंटल खाद्यान्न का अंतर बनता है।
उपभोक्ताओं ने भी लगाए गंभीर आरोप
जांच के दौरान मौके पर मौजूद कई जन वितरण प्रणाली के लाभुकों ने भी डीलर के खिलाफ शिकायत की। उपभोक्ताओं का आरोप था कि उनसे पॉस मशीन पर अंगूठे का निशान लगवा लिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें निर्धारित खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया जाता है। लाभुकों की इन शिकायतों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। विभागीय जांच में स्टॉक की कमी के साथ उपभोक्ताओं की शिकायतों को भी संज्ञान में लिया गया।
जुलाई में बंद मिली थी दुकान, नवंबर की जांच में खुली गड़बड़ी
बताया जाता है कि इस मामले की शुरुआत 16 जुलाई 2026 को हुई थी। उस दिन जिला आपूर्ति पदाधिकारी राशन डीलर गीता देवी की दुकान की जांच करने पहुंचे थे, लेकिन उस समय दुकान बंद मिली थी। इसके बाद जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने अपना जांच प्रतिवेदन भभुआ के अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा था। प्रतिवेदन के आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह को लिखित आदेश देकर विधिवत जांच करने का निर्देश दिया। इसी आदेश के आलोक में 10 नवंबर 2026 को दुकान की जांच की गई, जिसमें खाद्यान्न के स्टॉक में भारी अंतर और लाभुकों की शिकायतें सामने आईं।
डीलर के खिलाफ प्राथमिकी, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
जांच में सामने आई अनियमितताओं के बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने संबंधित राशन डीलर के विरुद्ध चैनपुर थाने में आवेदन दिया। मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के आवेदन के आधार पर संबंधित डीलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।