Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जांच के दौरान सामने आया मीटर बाइपास का मामला
विद्युत विभाग के कनीय अभियंता शंभू कुमार सिंह द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नगर पंचायत हाटा में जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान सहायक विद्युत अभियंता ग्रामीण संतन कुमार कौशल और सहायक विद्युत अभियंता भभुआ मेंटेनेंस राजमुनी कुमारी के नेतृत्व में क्षेत्रीय कर्मियों के सहयोग से संचालित किया गया। जांच के दौरान सबसे पहले ऋतिक जायसवाल, पिता स्वर्गीय मनोज कुमार जायसवाल के परिसर में बिजली कनेक्शन की जांच की गई। विभागीय जांच में मीटर बाइपास कर विद्युत ऊर्जा का उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद संबंधित उपभोक्ता पर 64,328 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया।
दूसरे उपभोक्ता पर 64,488 रुपये का जुर्माना
इसके बाद विद्युत विभाग की टीम ने हाटा नगर पंचायत के ही दीपू कुमार पटवा, पिता स्वर्गीय रामजी पटवा के परिसर में जांच की। विभाग के आवेदन के मुताबिक, यहां भी मीटर बाइपास कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। इस मामले में विभाग ने 64,488 रुपये का जुर्माना लगाया। दोनों मामलों में विभाग ने बिजली चोरी से संबंधित साक्ष्य के तौर पर पीवीसी तार और मीटर जब्त किए हैं। दोनों उपभोक्ताओं पर लगाया गया कुल जुर्माना 1 लाख 28 हजार 816 रुपये है।
प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही कार्रवाई
मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि विद्युत चोरी के संबंध में विभाग की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। विद्युत विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बिजली चोरी पर रोक लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं से नियमानुसार बिजली का उपयोग करने की अपील की जाती रही है।