Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बाइक की चाबी को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, होटल में बाइक की चाबी को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी शुरू हो गई। हमले में अनीश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया। हालांकि, गोरखपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
दो होटल कर्मचारी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस हत्याकांड में होटल के कर्मचारी राहुल कुमार और गौतम कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ कर विवाद की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
होटल के सामने शव रखकर किया हंगामा
अनीश सिंह की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने होटल के सामने शव रखकर हंगामा किया और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को संभालने के लिए सदर विधायक सुभाष सिंह और सदर एसडीपीओ चंदन कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। बाइक की चाबी को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर किस परिस्थिति में जानलेवा हमले तक पहुंचा, इसका पता आरोपितों से पूछताछ और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।