Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दुबे के सरैया निवासी हेवंती कुवंर, पति स्वर्गीय जय गोविंद गौड़, द्वारा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे वह अपने पोते के साथ खेत देखने गई थीं। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कुछ लोग उनकी सब्जी की फसल वाले खेत में बकरियां चरा रहे हैं, जिससे फसल को नुकसान पहुंच रहा था।
आरोप है कि जब उन्होंने बकरियों को खेत से बाहर निकालने का प्रयास किया, तो मौके पर मौजूद पंकज गौड़, खेसारी गौड़, जितेंद्र गौड़ समेत अन्य लोगों ने इसका विरोध करते हुए उनके पोते के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान पोते के सिर पर गंभीर चोट लगी और उसका सिर फट गया। वृद्ध महिला ने जब अपने पोते को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई, जिससे हाथ टूट गया। घटना के बाद दोनों घायलों का इलाज कराया गया। इलाज के उपरांत वृद्ध महिला चैनपुर थाना पहुंचीं और लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर प्राप्त आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।