Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

हादसे के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण शव लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में इलाज और चिकित्सकीय प्रक्रिया को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की, मारपीट और धमकी देने की घटना हुई। घटना के बाद पीड़ित डॉक्टर ने मोहनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान चैनपुर थाना क्षेत्र के नौघरा गांव निवासी वहाजुल खां, पिता कलामुद्दीन खां, की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने मंगलवार देर रात उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो फुटेज में दिखाई देने वाले अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ हिंसा या अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा मामले की जांच हर पहलू से जारी है।