कैमूर (बिहार) — चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा नगर पंचायत के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शादी समारोह से लौट रहे 22 वर्षीय युवक की तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जो करीब 9 घंटे तक जारी रहा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतक की पहचान चांद थाना क्षेत्र के ढेढुआ भरारी गांव निवासी जलील अंसारी के पुत्र परवेज अंसारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परवेज सोमवार रात हाटा में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम से लौटते समय रात करीब 11:40 बजे दीवाने मुकवा और खनिया गांव के बीच तेज रफ्तार मिट्टी लदे डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि परवेज की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि युवक का शव सड़क पर ही पड़ा रहा। कुछ देर बाद राहगीरों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
उधर, जब देर रात तक परवेज घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर कॉल किया। स्थानीय लोगों ने फोन उठाकर हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रात करीब 1 बजे सड़क जाम कर दिया। लोगों का आरोप था कि भारतमाला परियोजना में लगे डंपर चालक लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चला रहे हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने और सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही चांद थाना और चैनपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार और अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन द्वारा कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन मिलने के बाद मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतमाला परियोजना में लगे डंपर ओवरलोडिंग और लापरवाही से चलाए जा रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पिछले 10 दिनों में ही इसी तरह की घटना में एक और युवक की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। लगातार हो रहे हादसों को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और लोग प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।