Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बताया जाता है कि रात करीब 11 बजे अचानक छत का छज्जा गिर गया। छज्जा गिरते ही ऊपर और नीचे मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। हादसे में गांव के सत्यनारायण सिंह और अखिलेश्वर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करीब 10 से 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें बाराती और स्थानीय ग्रामीण दोनों शामिल हैं। ग्रामीणों के मुताबिक घटना के तुरंत बाद पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों और बारातियों ने खुद ही मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को ग्रामीणों और परिजनों ने निजी वाहनों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर ओबरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और करीब 10 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।