Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घर पहुंचकर गाली-गलौज करने का आरोप
पीड़ित अशोक बिंद, पिता स्वर्गीय अगनू बिंद, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 2 अक्टूबर की शाम करीब 3:30 बजे वह अपने घर पर थे। इसी दौरान गांव के विकास कुमार, प्रिंस कुमार, गोलू कुमार, धनवंती देवी, पार्वती देवी समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। आवेदन के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपित पक्ष के लोगों ने अशोक बिंद के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान लोहे की खंती से उनके सिर पर वार किए जाने का आरोप है। चोट लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गए और बेहोश हो गए।
बीच-बचाव करने पहुंची दोनों बेटियों से भी मारपीट
पिता को बचाने के लिए उनकी दोनों पुत्रियां नेहा कुमारी और कश्मीरा देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान दोनों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने बड़ी पुत्री का मंगलसूत्र छीनने और छोटी पुत्री के साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप लगाया है। घटना के दौरान ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी पक्ष के लोगों के वहां से चले जाने की बात आवेदन में कही गई है।
इलाज के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के बाद घायल पिता और दोनों पुत्रियां चैनपुर थाना पहुंचे, जहां से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उपचार के बाद अशोक बिंद ने थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में कार्रवाई करते हुए राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।



