Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार रामगढ़ बाजार के आंबेडकर चौक स्थित मनोज ज्वेलरी के संचालक मनोज सेठ अपने भाई के साथ दुकान बंद करने के बाद बाइक से रामगढ़ गांव स्थित अपने घर लौट रहे थे। उनके पास आभूषण समेत अन्य सामान से भरा बैग मौजूद था। जैसे ही दोनों थाना परिसर से सटे दक्षिण दिशा वाले रास्ते से गांव की ओर बढ़े, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। अपराधियों ने कारोबारी के पास मौजूद बैग छीनने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई।
लूट का विरोध किए जाने पर बदमाशों ने हथियार निकाल लिया और फायरिंग कर दी। इसके बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए वहां से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर आए थे और उनकी संख्या करीब पांच थी। घटना के वक्त बाजार क्षेत्र में बिजली नहीं थी। अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी पेट्रोल पंप के समीप से होते हुए चौसा-मोहनियां नेशनल हाईवे की दिशा में निकल गए। थाना से सटे इलाके में फायरिंग की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पीड़ित कारोबारी तत्काल थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। प्रभारी थानाध्यक्ष श्रवण कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों एवं रास्तों पर छानबीन कर रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच में जुटी है। वारदात में शामिल अपराधियों तक पहुंचने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।