Home अधौरा मवेशी वाहन बना मौत का कारण: कैमूर में पिकअप की टक्कर से...

मवेशी वाहन बना मौत का कारण: कैमूर में पिकअप की टक्कर से युवक की जान गई, दूसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा

कैमूर सड़क हादसा: मवेशी लदे पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर घायल

Bihar: कैमूर, अधौरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को झकझोर दिया। दिघार-दहार नदी के पास मवेशियों से लदे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और अवैध रूप से दौड़ रहे मवेशी वाहनों पर सवाल उठने लगे हैं। मृतक की पहचान पिपरा गांव निवासी 32 वर्षीय मोतीलाल सिंह यादव के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक 27 वर्षीय शिवदास सिंह यादव, दहार गांव निवासी बताए गए हैं। दोनों रिश्ते में साला-बहनोई थे और एक ही बाइक पर सवार होकर दहार गांव से दिघार की ओर जा रहे थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

परिजनों के अनुसार, जैसे ही उनकी बाइक दिघार-दहार नदी के समीप पहुंची, सामने से आ रहे तेज गति के मवेशी लदे पिकअप वाहन ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मोतीलाल सिंह यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिवदास सिंह यादव का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद शांति सेना के पूर्व सेनापति बहादुर सिंह यादव और भाजपा नेता ओम प्रकाश पांडे ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में अवैध शराब ढोने और मवेशियों से लदे तेज रफ्तार वाहनों पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। इस दुखद घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जरूरत को उजागर कर दिया है।

Exit mobile version