Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतका के बड़े पुत्र अवध लाल सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम गांव की ही एक महिला लीलावती उनकी मां मुराही देवी को अपने घर बुलाकर ले गई थी। उस समय दोनों भाई घर पर मौजूद नहीं थे। आरोप है कि घर के अंदर ले जाने के बाद मुराही देवी पर भूत-प्रेत करने का आरोप लगाया गया। परिजनों का दावा है कि इसी आरोप को लेकर महिला के साथ मारपीट की गई और उसे गर्म लोहे से दागा गया। इसके बाद लाठी-डंडे और अन्य हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार पाटीदारों के बीच भूत-प्रेत को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मृतका के पुत्र ने आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते उनकी मां को अकेला पाकर दूसरे पक्ष के लोग अपने घर ले गए और घटना को अंजाम दिया। परिजनों ने घटना में लीलावती, गुंजा और कबूतरी देवी समेत घर के अन्य सदस्यों के शामिल होने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। अधौरा थाना पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश में छापेमारी किए जाने की बात कही गई है। अधौरा थानाध्यक्ष एतवेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही महिला की मौत से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।