Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतका की पहचान बघौता गांव निवासी रीता देवी, पत्नी जय हिंद सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पुत्र अजीत कुमार ने बताया कि सुबह खाना बनाने को लेकर उसके माता-पिता के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पिता ने मां पर गोली चला दी। गोली लगने से रीता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के तुरंत बाद जय हिंद सिंह ने भी खुद को सीने में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण घायल जय हिंद सिंह को तत्काल अधौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही अधौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ पूरे मामले की जांच में लगी हुई है। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. साहिल राज ने बताया कि घायल जय हिंद सिंह के सीने में लगी गोली आर-पार हो गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, मृतका अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।