Home मोहनिया बेखौफ अपराधियों का आतंक, 24 घंटे के भीतर दो महिलाओं से लाखों...

बेखौफ अपराधियों का आतंक, 24 घंटे के भीतर दो महिलाओं से लाखों के गहने और नकदी की लूट

मोहनियां में दो महिलाओं से लाखों के गहने की छिनैती, बाइक सवार अपराधियों का आतंक

घटना की जानकारी देती महिला

Bihar: कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर छिनैती की दो घटनाओं को अंजाम दिए जाने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। अलग-अलग स्थानों पर बाइक सवार अपराधियों ने दो महिलाओं के आभूषण, मोबाइल और नकदी छीन लिए और मौके से फरार हो गए। दोनों घटनाएं गुरुवार और शुक्रवार की हैं। पीड़ित महिलाओं ने मोहनियां थाना पहुंचकर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पहली घटना शुक्रवार को मोहनियां-भभुआ पथ पर सोन कमांड कार्यालय के समीप हुई। अवारी गांव निवासी अक्षयवट तिवारी की पुत्री प्रियंका प्रियदर्शिनी एक निजी कंप्यूटर सेंटर में पढ़ाई करती हैं। शुक्रवार को क्लास समाप्त होने के बाद वह घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और योगा क्लास का पता पूछने लगे। महिला ने जब पता नहीं होने की बात कही तो भी दोनों युवक उनके आसपास मंडराते रहे। इसी बीच मौका पाकर अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन, कान का झुमका और अंगूठी छीन ली तथा बाइक से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार छीने गए आभूषणों की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। इसके बाद पीड़िता अपने पिता और भाई के साथ मोहनियां थाना पहुंचीं और घटना की लिखित शिकायत दी।

ऑटो में सफर कर रही महिला का बैग छीनकर फरार हुआ अपराधी

दूसरी घटना गुरुवार को एनएच-30 स्थित आरा-मोहनियां पथ पर घेघियां पुल के समीप हुई। मुजान गांव निवासी बुचुन चतुर्वेदी की पुत्री आकांक्षा कुमारी अपनी एक सहेली के साथ गांव से ऑटो में सवार होकर मोहनियां आ रही थीं। उनके हाथ में एक बैग था, जिसमें सोने का कान का झुमका, सोने का लॉकेट, मोबाइल और ढाई हजार रुपये नकद रखे हुए थे। इसी दौरान पीछे से काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार होकर एक युवक पहुंचा और झपट्टा मारकर महिला के हाथ से बैग छीन लिया। इसके बाद वह तेजी से फरार हो गया। पीड़िता के अनुसार बैग में रखे आभूषण और मोबाइल सहित सामान की कीमत एक लाख रुपये से अधिक है। घटना के बाद उन्होंने भी मोहनियां थाना पहुंचकर अज्ञात अपराधी के विरुद्ध आवेदन दिया।

दोनों मामलों में पुलिस कर रही कार्रवाई

इस संबंध में मोहनियां थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को दो महिलाओं की ओर से छिनैती की घटनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए हैं। दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। लगातार हुई इन घटनाओं से मोहनियां क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। दिनदहाड़े और सड़क पर सफर के दौरान हुई छिनैती की इन वारदातों ने अपराधियों के बढ़ते हौसले को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है।

 

Exit mobile version