Home चैनपुर बंद पड़े पेट्रोल पंप को चोरों ने बनाया निशाना, ऑफिस का ताला...

बंद पड़े पेट्रोल पंप को चोरों ने बनाया निशाना, ऑफिस का ताला तोड़ CCTV सिस्टम समेत लाखों का सामान उड़ाया

कैमूर: बंद पेट्रोल पंप का ताला तोड़ CCTV सिस्टम समेत कई सामान चोरी, चैनपुर थाने में FIR दर्ज

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित राजेश ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप पर चोरों ने देर रात धावा बोलते हुए ऑफिस का ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश सीसीटीवी सिस्टम से जुड़ा हार्ड डिस्क, मॉनिटर, ऑटोमेटिक कंट्रोल सिस्टम, ग्रीस और मोबिल ऑयल सहित कई सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद चैनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पेट्रोल पंप के मैनेजर अजीत कुमार दुबे (पिता- सत्यनारायण दुबे) ने बताया कि पेट्रोल पंप के डीलर विंध्याचल पांडे के निधन के बाद पिछले करीब तीन माह से पंप बंद पड़ा है। पंप की देखरेख की जिम्मेदारी उनके साथ स्थानीय गार्ड बंशीधर दुबे निभा रहे थे। 19 जुलाई को वह निजी कार्य से अपने घर चले गए थे, जबकि गार्ड अकेले पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। गार्ड बंशीधर दुबे के अनुसार, 20 जुलाई की रात करीब 12 बजे किसी ने स्टाफ रूम का दरवाजा खटखटाया

बाहर निकलकर देखने पर कोई दिखाई नहीं दिया, जिसके बाद वह वापस सो गए। सुबह करीब 4 बजे जब वह बाहर निकले तो ऑफिस के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सीसीटीवी की हार्ड डिस्क, मॉनिटर, ऑटोमेटिक सिस्टम, दो बाल्टी ग्रीस, दो डिब्बा मोबिल ऑयल सहित कई सामान गायब थे। वहीं काउंटर के ताले भी टूटे हुए मिले। घटना की सूचना मिलते ही मैनेजर अजीत कुमार दुबे तत्काल चैनपुर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण करने के बाद चैनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पेट्रोल पंप में चोरी की घटना को लेकर आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की पहचान में जुटी है। उन्होंने कहा कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

 

Exit mobile version