Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पहली कार्रवाई करवंदिया गांव में की गई, जहां स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। बताया गया कि गांव के अलियार बिंद, पिता स्वर्गीय रामबचन बिंद और मनोज कुमार, पिता स्वर्गीय कैलाश बिंद कथित तौर पर अत्यधिक शराब के नशे में लोगों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान पुलिस को दोनों के शराब के नशे में होने का संदेह हुआ, जिसके बाद उन्हें थाने लाया गया। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि जांच के दौरान दोनों के अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई लखमणपुर गांव में न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर डब्लू बिंद, पिता पप्पू बिंद और चंद्रभान बिंद, पिता जमुना बिंद को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष विजय प्रसाद के अनुसार, दोनों के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी था और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस पहले भी कई बार छापेमारी कर चुकी थी, लेकिन दोनों लगातार फरार चल रहे थे। मंगलवार की सुबह गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चारों लोगों को चैनपुर थाना लाने के बाद आवश्यक प्रक्रिया और मेडिकल जांच पूरी कराई गई, जिसके बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।