Home चैनपुर तहखाने में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब, पुलिस ने ऑटो...

तहखाने में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब, पुलिस ने ऑटो समेत चालक को दबोचा; 37 लीटर से अधिक शराब बरामद

चैनपुर में तहखाने वाले ऑटो से 37 लीटर शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में एक ऑटो से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने ऑटो को जब्त करने के साथ ही उसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की कुल मात्रा 37.410 लीटर बताई गई है। गिरफ्तार चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर गांव निवासी रामजी राम के पुत्र कुलदीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शराब को ऑटो में बनाए गए एक गुप्त तहखाने में छिपाकर ले जाया जा रहा था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

सुनील बैठा के घर शराब उतारे जाने की मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक गश्ती के दौरान सूचना मिली कि मदुरना गांव निवासी सुनील बैठा के घर एक उजले रंग के ऑटो से शराब उतारी जा रही है। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों द्वारा घटना का वीडियो बनाए जाने की जानकारी चालक को हुई, जिसके बाद वह ऑटो लेकर वहां से निकल गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और उस्मान कोटी के समीप वाहन की तलाश शुरू कर दी। पुलिस वाहन को देखते ही चालक ने ऑटो लेकर भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने पीछा करते हुए ऑटो को ओवरटेक कर रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।

गुप्त तहखाने से मिली अलग-अलग ब्रांड की शराब
ऑटो की तलाशी लेने पर उसके अंदर बनाए गए तहखाने से अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद सामान में 137 पीस 8 पीएम अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल मात्रा 24.660 लीटर है, के अलावा 24 पीस किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर, कुल 12 लीटर तथा रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की 2 बोतल, कुल 750 एमएल शामिल है। शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने ऑटो को भी जब्त कर लिया।

500 रुपये लेकर शराब पहुंचाने का दावा
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार चालक कुलदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि उसे मदुरना गांव निवासी सुनील बैठा के घर शराब पहुंचाने के लिए 500 रुपये दिए गए थे। हालांकि पुलिस इस मामले में चालक के बयान के आधार पर आगे की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सुनील बैठा के घर भी पुलिस टीम ने छापेमारी की, लेकिन वह मौके से फरार मिला। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार चालक को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

 

Exit mobile version