Homeरामपुरपिता बनने की खुशी में ससुराल पहुंचा युवक, ताल ने छीन ली...

पिता बनने की खुशी में ससुराल पहुंचा युवक, ताल ने छीन ली जिंदगी

कैमूर में दर्दनाक हादसा: 2 माह के बेटे को देखने आए पिता की ताल में डूबने से मौत

Bihar: कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड के बेलाव थाना क्षेत्र के पछेहरा गांव में बुधवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की ताल में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के चमरहा गांव निवासी बिपिन पासवान के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है। रौशन करीब दो माह पहले पिता बने थे। उनका नवजात बेटा अपनी मां खुशबू कुमारी के साथ ननिहाल पछेहरा में रह रहा था। बेटे को देखने और पत्नी से मिलने की खुशी में रौशन ससुराल पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही घंटों बाद हुई घटना ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

बताया जाता है कि बुधवार की शाम रौशन शौच के लिए ताल की तरफ गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह ताल के गहरे पानी में जा गिरे। शाम का समय होने के कारण अंधेरा बढ़ गया और आसपास मौजूद लोगों को घटना की तत्काल जानकारी नहीं हो सकी। काफी देर बाद गांव की कुछ महिलाएं ताल की ओर गईं। पानी में युवक को पड़ा देखकर उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रौशन को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। रौशन की शादी करीब दो वर्ष पहले पछेहरा गांव निवासी छठु पासवान की पुत्री खुशबू कुमारी से हुई थी। लगभग दो माह पहले खुशबू ने बेटे को जन्म दिया था और प्रसव के बाद से वह अपने मायके में रह रही थी। इसी नवजात बेटे को देखने के लिए रौशन ससुराल आए थे। परिवार में बच्चे के जन्म की खुशियां अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि अचानक रौशन की मौत की खबर ने सभी को सदमे में डाल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बेलाव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। रौशन की मौत से उनकी पत्नी खुशबू और महज दो माह का मासूम बेटा सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। जिस बेटे को पहली बार देखने की खुशी लेकर रौशन ससुराल पहुंचे थे, वही मासूम अब हमेशा के लिए पिता की गोद से वंचित हो गया। घटना के बाद पछेहरा गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग यही कहकर बिलख रहे हैं कि बेटे को देखने की खुशी लेकर आया रौशन अचानक उन्हें हमेशा के लिए छोड़कर चला गया। बेलाव थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि बुधवार की देर शाम करीब नौ बजे ताल में युवक के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments