Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नशे में हंगामा करने के आरोप में छह गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों की सूचना पर चैनपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान गिरफ्तार लोगों में चैनपुर निवासी शंकर राम, पिता रामकृत राम और इम्तियाज मीर, पिता रजाक मीर, सिकंदरपुर निवासी विनोद माली, पिता नंद गोपाल माली, तिवई निवासी मनीष शर्मा, पिता सुदर्शन शर्मा, मदुरना निवासी गोपी राम, पिता अंतू राम तथा करमचट थाना क्षेत्र के पांडेपुर निवासी हरेराम यादव, पिता जितेंद्र यादव शामिल हैं। बताया गया कि हरेराम यादव को चैनपुर बाजार से, शंकर राम और इम्तियाज मीर को चैनपुर से, विनोद माली को सिकंदरपुर से, मनीष शर्मा को तिवई तथा गोपी राम को मदुरना गांव से गिरफ्तार किया गया। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि सभी छह व्यक्ति अत्यधिक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। थाना लाने के बाद ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद सभी का चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इश्तहार चस्पा करने पहुंची पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ा
दूसरी कार्रवाई चैनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में हुई। यहां मारपीट के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिकंदरपुर गांव निवासी लालबाबू तिवारी, पिता रामलखन तिवारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाने में मारपीट को लेकर वर्ष 2008 में कांड संख्या 96/2008 दर्ज किया गया था। इस मामले में लालबाबू तिवारी लंबे समय से फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय की ओर से उनके विरुद्ध इश्तहार जारी किया गया था। इसी इश्तहार का तामिला कराने के लिए पुलिस टीम सिकंदरपुर गांव स्थित उनके घर पहुंची थी। हालांकि, मौके पर ही लालबाबू तिवारी पुलिस को मिल गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया। चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि पुराने मारपीट मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद थाने लाया गया। मेडिकल जांच कराने के उपरांत उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि थाना क्षेत्र में शराब पीकर हंगामा करने वालों के साथ-साथ पुराने मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।



