Home चैनपुर दुर्गापूजा को लेकर अलर्ट मोड में कैमूर प्रशासन: डीएम-एसपी ने चैनपुर के...

दुर्गापूजा को लेकर अलर्ट मोड में कैमूर प्रशासन: डीएम-एसपी ने चैनपुर के संवेदनशील स्थलों का किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं पर दिए निर्देश

कैमूर में दुर्गापूजा को लेकर अलर्ट प्रशासन, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

Bihar: कैमूर, आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कैमूर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी कुमार अनुराग और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने चैनपुर प्रखंड के संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों, शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बिउर गांव, चैनपुर बाजार स्थित श्री हरसू ब्रह्म मंदिर, नगर पंचायत हाटा और सिकंदरपुर सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान पूजा पंडालों की तैयारियों, जुलूस के निर्धारित मार्गों और प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था की समीक्षा की गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पूजा समितियों के साथ बैठक, शांति और सुरक्षा पर जोर

निरीक्षण की शुरुआत चैनपुर प्रखंड के बिउर गांव से हुई। यहां शांति समिति और दुर्गापूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने, जुलूस के संचालन और भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने चैनपुर बाजार स्थित श्री हरसू ब्रह्म मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर और पूजा पंडाल का जायजा लिया। मंदिर समिति के सदस्यों से पूजा की तैयारियों, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई।

हाटा में जाम से निपटने की तैयारी, नागरिक सुविधाएं दुरुस्त करने का निर्देश

नगर पंचायत हाटा कार्यालय के सभागार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मियों के साथ बैठक कर दुर्गापूजा की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, पेयजल और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। हाटा में जाम की समस्या को देखते हुए पूजा के दौरान बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात भी कही गई, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके अलावा जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

विसर्जन स्थलों पर तैनात होंगे प्रशिक्षित गोताखोर

प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सभी निर्धारित विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, आवश्यक सुरक्षा इंतजाम और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विसर्जन से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके बाद सिकंदरपुर गांव में पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जुलूस के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, निर्धारित मार्गों पर जरूरी व्यवस्था करने और संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

खेल मैदान और स्थानीय समस्याओं पर भी हुई चर्चा

क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने खेल मैदान, सड़क और विद्यालयों से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव भी जिलाधिकारी के समक्ष रखे। इस पर जिलाधिकारी ने चैनपुर के अंचलाधिकारी को भूमि चिह्नित कर खेल मैदान के लिए उपयुक्त स्थल की पहचान करने का निर्देश दिया।

पर्याप्त पुलिस बल की होगी तैनाती

जिलाधिकारी कुमार अनुराग ने बताया कि दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चैनपुर प्रखंड के संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान पूजा पंडालों की संख्या, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित लोगों से विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थलों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरा पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश, नगर पंचायत हाटा की कार्यपालक पदाधिकारी प्रतीक्षा प्रजापति, नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल, चैनपुर-चांद सर्किल के इंस्पेक्टर मनोज कुमार, चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से दुर्गापूजा का पर्व शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

 

Exit mobile version