Homeचैनपुरट्यूशन से लौटते समय दो छात्रों में विवाद बना जानलेवा, 12 वर्षीय...

ट्यूशन से लौटते समय दो छात्रों में विवाद बना जानलेवा, 12 वर्षीय किशोर की मौत से गांव में मातम

कैमूर में ट्यूशन से लौट रहे छात्र की मौत, नाबालिगों के विवाद के बाद मचा हड़कंप

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकंदरपुर गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे दो नाबालिग छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद एक 12 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।  मृतक की पहचान सिकंदरपुर निवासी बब्बन गोंड के 12 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रिंस गांव में संचालित एक ट्यूशन सेंटर में पढ़ने गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्यूशन के दौरान ही किसी बात को लेकर उसका दूसरे छात्र से विवाद हो गया था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद परिजन
पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद परिजन

ट्यूशन समाप्त होने के बाद दोनों छात्र घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार मारपीट के दौरान एक छात्र ने कथित रूप से प्रिंस का गला दबा दिया, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कैमूर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला, एसडीपीओ ओमप्रकाश, चांद-चैनपुर सर्किल के इंस्पेक्टर मनोज कुमार तथा प्रभारी थानाध्यक्ष अशोक कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिस छात्र से प्रिंस का विवाद हुआ था, वह भी नाबालिग है। पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बच्चे एक-दूसरे को पहले से जानते थे और किसी ने भी नहीं सोचा था कि मामूली विवाद इतना बड़ा हादसा बन जाएगा। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments