कैमूर (चैनपुर): उत्तर प्रदेश से शराब की खेप लेकर आ रहे तस्करों के खिलाफ चैनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जगदंहवा डैम वन विभाग चेकपोस्ट के समीप घेराबंदी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी और देसी शराब बरामद की। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके दो साथी पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गुप्त सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि करकटगढ़ मार्ग से दो बाइकों पर चार लोग शराब लेकर आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद चेकपोस्ट के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही बाइक सवार भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दो लोगों को दबोच लिया।
462 पीस टेट्रा पैक बरामद
जांच के दौरान ब्लू लाइम देसी शराब (200 एमएल) के 270 टेट्रा पैक और 8 पीएम अंग्रेजी शराब (180 एमएल) के 192 टेट्रा पैक बरामद किए गए। कुल 462 पीस शराब जब्त की गई। साथ ही एक ग्लैमर और एक पल्सर बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
गिरफ्तार और फरार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भैसहट निवासी चंद्रशेखर राय और सलेमपुर निवासी आकाश राय के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार दो तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।