Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शुभम प्रकाश ने बताया कि सिरबिट पंचायत में शिविर आयोजित होने से पहले ही कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 48 मामलों का निष्पादन पूर्व में ही कर दिया गया था। मंगलवार को आयोजित शिविर के दौरान 21 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 11 मामलों का तत्काल समाधान कर दिया गया। इस प्रकार सिरबिट पंचायत में कुल 79 मामलों में से 59 का निस्तारण हो चुका है, जबकि शेष 20 मामलों पर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई की जाएगी। वहीं करजांव पंचायत में शिविर से पहले 37 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 33 मामलों का निष्पादन पहले ही किया जा चुका था। शिविर के दिन 17 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से आठ मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इस तरह पंचायत में कुल 54 मामलों में से 41 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 13 मामले अभी लंबित हैं। लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
बीडीओ ने बताया कि सहयोग शिविर अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान उपलब्ध कराना है। इसी लक्ष्य के तहत प्रखंड की सभी पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों की सुनवाई की गई। कार्यक्रम में अंचलाधिकारी अनिल प्रसाद, प्रखंड राजस्व पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।